गुरुवार, 27 मई 2021

पीले दुपट्टे वाली

101...102...103...104...105... हाह...आज इससे ज्यादा नहीं हो पाएंगी,
हे बजरंगबली अपने भक्त की मदद करो!
क्या कमी रह गई मेरी श्रद्धा भक्ति में? 
बराबर तुम्हारी पूजा करता हूं, 
रोज़ बिलानागा सुबह 4:30 बजे उठ कर बराबर बर्जिस करता हूं,
इस ब्रज में कनहिया जी की धरती पर मैं तुम्हारा भक्त...
लेकिन फिर भी सौ से ज्यादा दंड नहीं मार पाता हूं,
क्यों प्रभु...क्यों? 
सक्ति दो प्रभु!
सक्ति दो!
.
.
.
ऐसा ही मगन मैं उस दिन अपनी बर्जिस में था। अपने बजरंगबली से बात कर रहा था, तभी पता नहीं कहां से हवा में उड़ता हुआ दुपट्टा मेरे ऊपर आकर गिर गया। ऐसी खुसबू तो मैंने आज तक नहीं सूंघी थी... अच्छा लगा पल भर के लिए, 
आहा, हा हा हा
तभी अचानक पता चला,
साला अपराध हो गया, हमसे तो घोर पाप हो गया!
ऊपर छज्जे से मौसी चिल्ला कर बोली, 
'अरे ओह पहलवान, जरा यह दुपट्टा तो ऊपर फेंकियो'  
हम तो एकदम सकपका गए... हमने दुपट्टे को गोल-मोल, गद-मद किया और जैसे ही ऊपर देखा, हाय... जिंदगी में पहली दफा हमारे मुंह से अंग्रेजी निकली...ओ-माय-गॉड...पीले दुपट्टे वाली कन्या मौसी के पीछे पीले सूट में खड़ी थी! 
अरे हम तो अटक गए।
मौसी फिर बोली, 
'अरे फेंक पहलवान, कैसे बुत बन कर खड़ा है' 
हमने दुपट्टा तुरंत ऊपर फेंका, ससुर मौसी की उंगलियों से छुलते-छुलते रह गया... हवा चली, फिर ऊपर आकर गिर गया, दुपट्टा हमारे चेहरे पर ऐसे गिरा जैसे हिमालय के पहाड़ों पर बर्फ़, आहा...हा...हा...हा...
ऐसा लगा जैसे किसी ठोस पत्थर पर सूरजमुखी का फूल उग आया हो। 
तभी अचानक मुंह से निकला, 
"जय बजरंगबली की" और हमें समझ आया कि ये तो हमारा धर्मांतरण होने जा रहा था! हम बजरंगबली के भक्त, श्री कृष्ण के मोहन रूप में प्रवेश होने जा रहे थे।
हमने तुरंत दुपट्टे को चेहरे से दूर किया, गद-मद किया, एक कस कर गांठ मारी और सीधा मौसी के मुंह पर निशाना लगा कर फेंक दिया।
बड़ा अपराध बोध फील हो रहा था।
हमने बजरंगबली से माफी मांगी और लगे दंड पेलने और पता ही नहीं चला, कब पेलते-पेलते हम दो सौ के पार हो गए, इतने दिन से सौ के पार करने की कोशिश कर रहे थे और आज एक सांस में दो सौ दंड मार लिए!
सोचने लगे पहले सौ और अब दो, बराबर हुए तीन सौ... वाह प्रभु वाह.. प्रभु हमसे नाराज नहीं हैं। 
अब ये दुपट्टे की शक्ति थी या बजरंगबली की भक्ति... नहीं बजरंगबली की भक्ति तो थी ही।
सोच रहे हैं कल भी दुपट्टा गिर जाए तो क्या पता 500 के पार हो जाए... हम बड़े प्रसन्न घर पहुंचे,

अम्मा ने कहा,
'लाला बाहर बरामदे में मिलबे बाए आए हैं, जाकर नेक बैठ जा बिन के बीच' 
और हम आज्ञाकारी भीम जाकर बैठ गए बरामदे में,
हाय... देखा पीले दुपट्टे वाली कन्या बैठी है हमारे सामने...
हमाए घर में, हमाए खिलाफ साजिस,
लेकिन इस साजिस का हम सिकार होना चाहते थे...

रविवार, 4 अक्टूबर 2020

चुप क्यों रहते हो

चुप क्यों रहते हो
कुछ भी नहीं कहते हो 
कैसे सहते हो 
श्मशान में रहते हो या समाज में रहते हो 

सवाल रह-रहकर यही आता है 
इन दरिंदों को क्यों सहा जाता है 
शायद यह हमें हमारी बहन-बेटियों से ज्यादा प्यारे हैं
इसलिए साल दर साल यह बढ़ते जा रहे हैं 

यह दरिंदे कहां से आते हैं 
इनके हौसले क्यों इतने बढ़ जाते हैं 
खुलेआम यह अपना परचम लहराते हैं 
हैवानियत शर्मा जाए पर यह कहां शर्माते हैं 

प्रशासन का तो यह मखौल उड़ाते हैं 
कौन है जो इन को बचाते हैं 
वह कोख़ भी शर्मसार हो जाती है 
जो इनको दुनिया में लाती है 

क्या यह तादाद में हमसे ज्यादा है 
या शक्तिशाली समाज से ज्यादा है 
अगर नहीं तो हम क्यों इनसे ख़ौफ खाते हैं 
क्यों नहीं इनका कोई इंतज़ाम सजाते हैं 

रोश तो सभी जताते हैं 
अखबार, टीवी, सड़क सब जगह गुस्सा दिखाते हैं 
कानून भी आए दिन बनाते हैं 
फिर कहां हम हार जाते हैं 

जब तक इनको डराया नहीं जाएगा 
इनका हैवान पनपता जाएगा 
दरिंदों के खिलाफ जिस दिन 
समाज दरिंदगी के वक्त खड़ा हो जाएगा 
उस दिन यह सिलसिला थम जाएगा 

उसका शोर किसी के कानों में तो आया होगा 
बस,खेत, मकान या मैदान 
कोई तो चीखें ज़रूर सुन पाया होगा 

क्या शक्ल इस दुनिया को हिंदुस्तान दिखाएगा 
खुद को कैसे राम, कृष्ण, भगत, गांधी, सुभाष और आजाद का भारत कहलाएगा 

दुर्गा काली का खप्पर जब बाहर आएगा 
तभी नारी सुरक्षित समाज बन पाएगा 
शायद वह सीख हमने कुछ अलग तरह से मानी है 
बुरा न देखो, सुनो और कहो 
जो गांधी की जुबानी है 

इसलिए हर बार बस चुप्पी हमने ठानी है 
अरे क्या कहा था बापू ने और क्या हमने उनकी मानी है
बापू ने भी अब सोचा होगा 
ऐसा आजाद भारत तो ख्वाब में भी ना देखा होगा 

आज अपने ही अत्याचारी हैं
बहन बेटी लाचार बेचारी है 

कब भारत का जनमानस जागेगा 
जब इनकी हवस का प्रेत हर घर में नाचेगा
कुछ अब करना होगा 
इनकी हवस की बलि कब तक चढ़ना होगा 
इनकी हवस की बलि कब तक चढ़ना होगा...?

बुधवार, 9 सितंबर 2020

किट्टू

मैं रोज़ सुबह जल्दी उठने का आदी हूं। सुबह जल्दी उठता हूं, घर की छत पर जाता हूं और वहां टहलता हूं। कभी-कभी पड़ोस की छतों पर भी जाता हूं, बहुत सी लड़कियां तो सिर्फ मेरी वजह से ही छत पर सुबह जल्दी आती हैं, उनको मेरे साथ खेलना अच्छा लगता है और मुझे भी उनके साथ खेलना अच्छा लगता है। 
लेकिन सुबह मुझे सोनिया की बाहों से निकलने में बड़ी मुश्किल होती है, सारी रात मुझे बाजुओं में कस कर सोती है। ख़ैर कुछ दिन पहले मैं रोज की तरह उठा, छत पर गया और टहल रहा था कि मैंने उसे देखा...मेरी आंखें मानो मेरे चेहरे से निकलने को थीं... वाह!...क्या गज़ब की लगती थी वह।
छज्जे की मुलगेढी पर जब चलती थी तो लगता था कि रैंप वॉक कर रही है। मेरी आंखें और मुंह खुला का खुला रह गया । क्या कमाल की बिल्ली थी वह...अगर यह मेरी जिंदगी में आ जाए, तो मैं सारी कायनात इसके लिए छोड़ दूं। चौंक क्यों गए? 
मैं एक बिल्ला हूं तो बिल्ली पर ही तो मरूंगा ना। 
काश उस वक्त कुछ और मांगता तो शायद वह भी मिलता।
वो मेरे पास आई और हमारे बीच बहुत अच्छी-अच्छी मियाऊं-मियाउं यानी बातें हुईं।  मैं उसे चुपचाप अपने घर में नीचे ले गया, उसे पलंग के नीचे छुपा दिया।  सोनिया ने मुझे आवाज दी, "आ जाओ किट्टू, चलो दूध पी लो", मैंने सोनिया के जाने के बाद उसे बाहर बुलाया और अपना दूध पिलाया। 
सोनिया के बॉय फ्रेंड को बिल्लियां पसंद नहीं हैं पर वो सोनिया की वजह से मुझे कुछ नहीं कहता लेकिन एक और बिल्ली घर में देखते ही वह पागल हो गया। उसने मीनू पर गेंद से हमला किया। मेरी बेज्जती तो मैं सह लेता लेकिन मेरी प्रेमिका मीनू की बेज्जती मुझसे बर्दाश्त नहीं हुई। मैं तीन दिन तक घर नहीं गया।

मीनू की तरह ही उसके साथ सड़क पर रहा। कचरे के डिब्बे से खाना निकाल कर खाया, मीनू ने मुझे खाना ढूंढ़ना सिखाया। मैं जिंदगी में कभी खाली ज़मीन पर नहीं सोया, ठंडा नहीं गुनगुना दूध पिया है मैंने हमेशा ,
मैंने मीनू के लिए सब कुछ छोड़ दिया था लेकिन मीनू मुझे ही धोखा दे रही थी। तीसरे दिन मैंने उसे किसी दूसरे बिल्ले के साथ देखा...कैसे देखा मैं बता नहीं सकता... मुझे यकीन नहीं हुआ अपनी आंखों पर...और कल जब मैं घर आया तो मैंने देखा कि राजू घर में एक कुत्ता ले आया है। सोनिया मुझे भूल गई और अब उस कुत्ते के साथ खेल रही थी। अब उस घर में मेरे लिए कोई जगह नहीं है, मैं पालतू से आवारा बन गया हूं। अब मैं सड़कों पर जीना सीख रहा हूं, ख़तरनाक कुत्तों से बचना, लोगों के दरवाजों पर जाकर उन्हें अट्रैक्ट करना सीख रहा हूं। कुछ अच्छे लोग कभी-कभी मुझे दूध भी पिला देते हैं। काश अगर मैं बोल पाता तो उनसे कहता कि प्लीज़ मुझे पाल लो घर में,
घर में रख लो, मैं बड़ा प्यारा बिल्ला हूं, घर में रहना चाहता हूं। आपका मन लगा कर रखूंगा । प्लीज़... मुझे घर दे दो... कोई तो इस सिर पर छत दे दो...प्लीज...

गुरुवार, 6 अगस्त 2020

मृणाली

वो शक्ल से मासूम-सी, भोली-सी दिखने वाली साफ़ दिल की लड़की जिसने जिंदगी का लगभग हर दौर देखा था, लेकिन उसकी हल्की-सी भी झलक उसके चेहरे पर नहीं दिखती थी। लंबा-सा गोरा चेहरा, पतली-सी पीपनी जैसी मधुर आवाज़ और बनावटी मर्दानापन। 
अक्कड़ मिजाज़ी ही मेरे लिए उसकी पहचान थी।

मेरी दोस्ती किसी से जल्दी नहीं होती, लेकिन उससे पहली नज़र टकराते ही दोस्ती हो गई। मेरे दोस्तों ने मेरी खिंचाई शुरू कर दी, कि कॉलेज के फर्स्ट ईयर में ही थर्ड ईयर की सीनियर को फंसा लिया और फंसाया भी तो उसे जिसके आस-पास लड़के फटकने से भी डरते हैं। मैंने उन्हें समझाया, 
"अबे कमीनों, सिर्फ अच्छी दोस्त है मेरी",
तो उन्होंने उल्टा मुझे बॉलीवुड फिल्मों का एगज़ामप्ल देते हुए समझाया कि बेटे, "एक लड़का और लड़की कभी दोस्त नहीं होते"। आधा कचरा तो इन बॉलीवुड फिल्मों ने फैलाया है, पहले तो गुस्सा आया कि किस वाहियात-सी फिल्म का वाहियात-सा डायलॉग है? लेकिन फिर पता चला कि सल्लू भाई की फिल्म है, सोचा जाने दो, जब भाई को डायलॉग मारने से नहीं छोड़ा तो तुम क्या चीज हो प्रयाग पांडे।  गोली मारो ! हाथी चले बाजार, कुत्ते भौंके हज़ार। 
हमारी दोस्ती भी बड़ी ही अजीब तरह से हुई, मैडम ने हमारे भोले- भाले दोस्त सतीश इलाहबादी के सबके सामने चांटा मार दिया। अब सतीश इलाहबादी जो हैं वो तोतले हैं, बेचारे कहना कुछ चाहते हैं और मुख-मंडल से निकलता कुछ और ही है। अब बेचारे ने मैडम को बोला, "गुड मॉर्निंग" लेकिन मुंह से निकला कुछ, मैडम ने समझा कुछ और धर दिया चांटा गाल पर बेचारे के...बस फिर क्या था, मियां इलाहबादी हमारे पास आए रोनी-सी सूरत लेकर। अब हमारे दोस्त के कोई चांटा मार दे, ये हमसे बर्दाश्त नहीं।  अब पिता जी हमारे दरोगा... आधे से ज़्यादा सीनियर तो हमारे मोहल्ले के थे, जिनमें से तीन-चार स्कूल में हमारे जूनियर थे। 
लेकर गए कैंटीन इलाहबादी को और कहा, 
"बताओ कौन है?" इलाहाबादी ने उंगली का इशारा किया। हमारा गुस्से से तिलमिलाता चेहरा देखकर कॉलेज में इलाके के सीनियर भी खड़े हो गए। उनके सामने जैसे ही हम खड़े हुए, उन्होंने तो कोई भाव ही नहीं दिया। 
हमने कहा, "सुनिए"... 
क्या एटीट्यूड था उनका, हमारी आवाज का तो मानो दम ही निकल गया। फिर तो हमारे मुंह से सिर्फ इतना निकला 

"गुड मॉर्निंग मैडम! हम प्रयाग पांडे, फ्रॉम फर्स्ट ईयर। उधर से सीनियर ने बोला था कि मैडम को विश करके आओ, विश कर दिया अब चलते हैं"। 

फिर क्या...? फिर तो दोस्ती हो गई, पता चला कि मैडम ने अब तक 200 से ऊपर लड़कों का दिल तोड़ा है और इस कतार में अब हमारा नंबर है।
वह बिल्कुल मेरी तरह थी... कोई नियम-कानून नहीं, बस जब जो करने का मन है वही करना है। अपनी कमाई से कॉलेज में लॉ (वक़ालत) कर रही थी, आठवीं के बाद घर से रुपए लेना बंद कर दिया था... क्योंकि पापा पोस्ट ऑफिस में नौकरी करते थे। दो छोटे-भाई बहन, अब भाई की भी  उम्र हो गई थी स्कूल जाने की, तो मृणाली को स्कूल छोड़ना पड़ा...बस उसकी बगावत वहीं से शुरु हो गई थी।
मैंने आज तक उसके जैसी लड़की नहीं देखी... घर का सारा काम करती थी, छोटे भाई-बहन को पढ़ाती थी, अकेले ही दुकान से घर तक गैस का भरा सिलेंडर लेकर आती थी। मतलब आज कल लड़के भी जितना काम नहीं करते, वो लड़की हो कर चुटकियों में कर देती थी।
मेरे अलावा सारे कॉलेज से अकड़ कर बात करती थी। बस मेरे आगे ही शांत हो जाती थी और मैं...? मैं तो अब मैं से हम पर आ गया था। अब किसी से लड़ाई झगड़ा करने की फुर्सत ही नहीं थी, सारा वक्त उसके साथ निकल जाता था। मैं उससे कहता, "इतना मत अकड़ा कर, कोई किसी दिन तेरी फाइल निपटा देगा।" 
तो वह बोलती, "अरे परागी लाल, अपने दम पर जीती हूं। किसी के बाप का डर नहीं मुझे, किसी माई के लाल की हिम्मत नहीं कि हाथ लगा दे"। सच भी था, किसी की हिम्मत नहीं थी कि उसे हाथ लगा देता। 
उसका मानना था कि रिश्तो में मिलावट नहीं होनी चाहिए, इसलिए कभी अपने दिल की बात नहीं कहती थी। सिर्फ दोस्ती तक ही मामला रखती थी, लेकिन उस पागल को कौन समझाता कि हमारे रिश्ते में मिलावट तो हो चुकी थी। मैं तो फिर भी नहीं कहता, क्योंकि हमारा भी एक सपना था कि हम लड़की को नहीं, बल्कि लड़की हमारे पास आकर हमारा कॉलर पकड़े और बोले, "सुन बे तुझसे प्यार करती हूं, जा... जो करना है कर ले"। 
एक दिन बड़ी उदासी से मेरे पास आई, चेहरा उतरा हुआ था। बड़ी से बड़ी बात पर भी उदास नहीं होती थी। मैं पूछने ही वाला था कि, 
"क्या हुआ?"
उसने मेरा कॉलर पकड़ा, जोर से...थोड़ा मुझे झुकाया, थोड़ा खुद ऊपर उठी, उसकी आंखों में आंसू थे... बोली, "सुन, तुझसे बहुत प्यार करती हूं मैं और हमेशा करती रहुंगी। तुझे जो करना है कर लेना, बस मुझे भूलना मत कभी...थोड़ा सा और ऊपर उठकर मुझे होठों पर किस किया और बिन कुछ कहे उल्टे पांव लौट गई। उस दिन के बाद कॉलेज नहीं आई वो, वापस जाते वक्त उसके कदम बहुत भारी लग रहे थे। मैं उसके घर भी गया पर किसी ने बात नहीं की, दरवाज़े से ही लौटा दिया। बहुत पता करने की कोशिश की लेकिन...फिर कॉलेज में एक दिन उसकी सहेली ने बताया कि उसके पिताजी ने आत्महत्या की धमकी दी थी, क्योंकि वह शादी नहीं करना चाहती थी। उस दिन के बाद वो कहां गई, उसके घर वालों को भी नहीं पता। 
लेकिन मैं उसे आज तक ढूंढ़ रहा हूं...

मंगलवार, 30 जून 2020

हाथ उठाओ

सुनो तुम छिप कर रहना
अपना चेहरा न किसी को दिखाना 
अगर सामने है आना
तो हथियार साथ ज़रूर लाना

इस भ्रम में न रहना की 
ये मर्दों का समाज है
हर गली-मोहल्ले, चौराहे पर
सिर्फ नामर्दों की जमात है

मिलेगा कोई हज़ार में
एक मर्द
गीदडों के बीच शेर सा फंसा हुआ
सिर्फ उस एक के भरोसे भी बाहर न आना

अपना स्वाभिमान अगर है बचाना
तो खुद ऐसे हैवानों के खिलाफ
काली या दुर्गा बन कर बाहर आना
रक्त पात से तुम कतई न घबराना

वीर, शौर्य, साहस सब तुम से जन्म पाते हैं
इन नाली के गंदे कीड़ों को मसलने में देर न लगाना
जिस वक्त तुम्हारे हाथों इनका संघार होगा 
वही वक्त इनकी नस्ल का काल होगा

इसके लिए सीखनी होगी कला आत्म रक्षा की
सिर्फ वार से सुरक्षा की
क्योंकि गुहार इनको समझ नहीं आती 
समस्या ये है कि समाज को भी इन पर शर्म नहीं आती

शर्म आए भी कैसे 
दरवाज़े सारे उसके बंद है
नपुंसक हम हमाम में आधे से ज़्यादा नंगे हैं
अपने ज़हन के अंधेरे कमरों में सबने दामन चीरे हैं

कब तक ख़ुद की आज़ादी का मोल चुकाओगी
कब तक सब से गुहार लगाओगी 
तुम कब खुद के लिए अपना हाथ उठाओगी
तुम कब खुद के लिए अपना हाथ उठाओगी

शनिवार, 27 जून 2020

तकलीफ़

कहां से लाते हो हिम्मत जुर्म करने की
किसी बेगुनाह के साथ गुनाह करने की

ख़्याल क्या एक बार भी नहीं आता होगा
घर पर इनके भी तो माता, बहन, बेटी का साया होगा

ज़रूर उस मां ने आज सूनी कोख़ की गुहार की होगी
जब औलाद की ऐसी हैवानियत देखी होगी

अब दिन का जागना रात का सोना भी 
कितना खौफ़नाक होगा

अपने ही जिस्म से दरिंदों की हवस की बास का एहसास
हर पल ज़हन और जिस्म पर पड़े निशान

सवाल तो ख़ुदा से होगा उसका
किस गुनाह की सज़ा मिली उसको

औरत होना गुनाह हो गया उसका
क्यो सीता का तिनका उसको जन्म से ही न मिला

ये कैसा ईश्वर का अन्याय 
एक ओर सीता की छाया में भी इतना तेज

त्रिलोक विजयी छुए तो जल जाए
पर यहां जिसका मन वो तार तार कर जाए

उस दरिंदे ने भी कभी शायद 
दुर्गा के आगे सिर झुकाया होगा

पर वहां माता ने भी अपना फरसा नहीं चलाया होगा
सज़ा काफ़ी नहीं है दरिंदों की

इसलिए रोज़ ये सिर उठाते हैं
काश कोई ऐसा वक्त आए जहां ये कभी सिर ना उठाएं 

फिर कोई फूलन, निर्भया या दामिनी
हवस की शिकार न होने पाए

अब जब भी ऐसा कोई सामने आए
तो सिर्फ दुर्गा आए
तो सिर्फ दुर्गा आए...

सोमवार, 22 जून 2020

मौका परस्त काले नाग

पुरुषार्थ से भरा पुरुष देखना चाहते हैं
चरित्रवान, धैर्यवान, रघुकुल राम देखना चाहते हैं

हम धर्म वीर देखना चाहते हैं
हम तुम में सारी वीरता देखना चाहते हैं

तुम उठो बढ़ो और कहो 
बस यही हम तुम से चाहते हैं

महान उद्देश्य है हमारा
कुर्बानी हम तुम से चाहते हैं

आओ चलो साथ हमारे 
वीर तुम्हें बनाना चाहते हैं

नहीं हम में सवाल न दागो
सवाल तो हम दागने जाते हैं

तुम आखें मूंदे साथ दो
बस यही हम तुमसे चाहते हैं

हम ही सत्य की कसौटी हैं
ये समझना चाहते हैं

उठो तुम वीर बनो 
हम तुम को दागना चाहते हैं

हमारा नपुंसक हुआ पुरुषार्थ 
अब हम तुम्हारे भीतर चाहते हैं

तुम फूल सा नाज़ुक न समझो
फूल है तुम्हारे सीने में

हमारी मोटी चमड़ी न बदल सकी
तुम्हारी नाज़ुक खाल वो बदलेगी

हम तो यहीं है बैठे
और सदैव ही पांव जमाएंगे

हम तो काले नाग हैं
पुरुषार्थ की दुहाई से
तुम को डसते जाएंगे

आओ हमारे पास तुम 
तुमको जीवन का मूल्य हम सिखाएंगे...

गुरुवार, 18 जून 2020

एक कलाकार के नाम

कौन सही कौन ग़लत ये तो बस वो ही जाने
मेरा ख़ुदा तो बस किरदार का ईमान माने

बहस तुम्हारे जाने से भी छिड़ गई
मेरी वैचारिक क्षमता फिर एक साथी से भिड़ गई

उसने कहा तुम में कुछ अंश राजनीति का भी होना था
मैंने कहा मेरे दोस्त तुमको राजनीति में होना था

कलाकार से सिर्फ कला की मांग होती है
क्योंकि वही उसकी पहचान होती है

कला में राजनीति सिर्फ मक्कार करते हैं
क्योंकि वो कलाकार की ताक़त से डरते हैं

हर बाज़ी जीत जाएं ऐसा भी नहीं होता है 
कभी मंज़िल तो कभी रास्ता भी खोता है

ऐसे ज़िन्दगी से मुंह मोड़
कोई कब सोता है

शायद जब  सपनों का महल डेहता नज़र आए 
तभी ऐसा होता है ...

बुधवार, 17 जून 2020

मुलाक़ात

एक रोज़ उसने जब तुम्हारे बारे में बात की
उसके माध्यम से मैंने तुमसे मुलाक़ात की

तभी सोचा था कि एक रोज़ 
हकीक़त में मुलाक़ात होगी

उस रोज़ हम दोनों की 
जिज्ञासाओं और खोजों की भी बात होगी

सिर्फ तुम उस फेहरिस्त में शामिल थे
ऐसा भी नहीं था

एक मकबूल भी था 
तो एक इशान भी था

ख़ैर रह जाते है कई ख़्वाब अधूरे
कुछ आधे कुछ पूरे

एक रोज़ मिलेंगे वहां 
जहां सब को मिलना है 

ज़िन्दगी क्या ज़िन्दगी बाद भी चलना है
ज़िन्दगी क्या ज़िन्दगी बाद भी चलना है

शुक्रवार, 29 मई 2020

कमी तुम में नहीं है

कमी तुम में नहीं है 
कमी उन में है जो तुम में कमी ढूंढते हैं
क्योंकि वो सिर्फ तुम्हारे में ही नहीं
सभी में कमी ढूंढते हैं

पूरा तो कोई भी नहीं है
बेदाग तो चांद भी नहीं है
तुम कभी उनको चांद दिखा कर देखना
और कभी दिखा देना ताज महल भी

मेरे शहर में है 
दुनिया का एक नायाब अजूबा
उनका सवाल उल्टे तुम से ही होगा
उस दाग से भरे पिंड में क्या सुंदर दिखा
कैसी ये सफेद पत्थर की इमारत तुमने दिखाई
इस मकबरे में क्या खूबसूरती तुम को नज़र आई
ज़ालिम था वो जिसने इसे बनवाया
इसे बनाने वालों के हाथों को था उसने कटवाया

वो कहेंगे तुमको पहचान नहीं है
कभी चलो उनके मकान पर
वहां बनाई है उन्होंने छप्पर की एक झोंपड़ी
तुम एक बार को चकरा जाओगे
सीधे शाहजहां से सवालों की झड़ी लगाओगे

 ठहरो ख़ुद को यूं न उलझाओ
 कुछ पल दिल हटा कर दिमाग़ लगाओ
 कल जो कहा था उसने क्या वो आज निभाया
 अपनी बात पर क्या वो टिक पाया
 
तुमसे भी कभी किसी की शिकायत उसने लगाई थी
कल उन्हीं से उसने पहचान बढ़ाई थी
जो हर बात पर शिकायत लगाएगा
वह अपने साथ तुम्हें भी फंसाएगा

उनसे ख़ुद को बचाओ
ख़ुद पर भरोसा दिखाओ
उसे शिकायत है वो रहेगी 
तुम बस अपनी पहचान बनाओ
ख़ुद को आगे बढ़ाओ
ख़ुद को आगे बढ़ाओ

चमन चतुर

  चमन चतुर Synopsis चमन और चतुर दोनों बहुत गहरे दोस्त हैं, और दोनों ही एक्टर बनना चाहते हैं. चमन और चतुर जहां भी जाते हैं, वहां कुछ न कु...